Sohan Lal Dwivedi Yugadhar
सोहन लाल द्विवेदी अनेक प्रकार की कविताएँ लिखते हैं। उनकी युगधर श्रृंखला की कविता सबसे लोकप्रिय श्रृंखला में से एक है। इस लेख में हम उनकी युगधर श्रृंखला की सबसे लोकप्रिय कविताओं को जोड़ते हैं।
युगाधार सोहन लाल द्विवेदी | Yugadhar Sohan Lal Dwivedi
मज़दूर
-सोहन लाल द्विवेदी
पृथ्वी की छाती फाड़, कौन यह अन्न उगा लाता बहार?
दिन का रवि-निशि की शीत कौन लेता अपनी सिर-आँखों पर?
कंकड़ पत्थर से लड़-लड़कर, खुरपी से और कुदाली से,
ऊसर बंजर को उर्वर कर, चलता है चाल निराली ले।
मज़दूर भुजाएँ वे तेरी, मज़दूर, शक्ति तेरी महान;
घूमा करता तू महादेव! सिर पर लेकर के आसमान!
पाताल फोड़कर, महाभीष्म! भूतल पर लाता जलधारा;
प्यासी भूखी दुनिया को तू देता जीवन संबल सारा!
खेती ले लाता है कपास, धुन-धुन, बुनकर अंबार परम;
इस नग्न विश्व को पहनाता तू नित्य नवीन वस्त्र अनुपम।
नंगी घूमा करती दुनिया, मिलता न अन्न, भूखों मरती,
मजदूर! भुजाएँ जो तेरी मिट्टी से नहीं युद्ध करतीं!
तू छिपा राज्य-उत्थानों में, तू छिपा कीर्ति के गानों में;
मजदूर! भुजाएँ तेरी ही दुर्गों के श्रृंग-उठानों में।
तू छिपा नवल निर्माणों में, गीतों में और पुराणों में;
युग का यह चक्र चला करता तेरी पद-गति की तानों में।
तू ब्रह्मा-विष्णु रहा सदैव, तू है महेश प्रलयंकर फिर।
हो तेरा तांडव, शुंभ! आज हो ध्वंस, सृजन मंगलकर फिर!
